मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - ट्रक ड्राइवर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, 5 वर्षीय बेटी के सामने ईंट से सिर कूचकर दिया घटना को अंजाम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 05, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - ट्रक ड्राइवर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या, 5 वर्षीय बेटी के सामने ईंट से सिर कूचकर दिया घटना को अंजाम

https://newsindia17.com/moradabad-truck-driver-husband-killed-wife-with-brick-in-front-of-daughter-mainather/

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मैनाठेर थाना क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की ईंट से सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर सहमी 5 साल की मासूम बेटी ने दौड़कर नाना-नानी को वारदात की जानकारी दी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव रसूलपुर हमीर निवासी नसीम आयु 32 वर्ष ने 6 वर्ष पूर्व गांव निवासी सना आयु 30 वर्ष के साथ प्रेम विवाह किया था। इस समय दोनो के 3 बच्चे बेटी मन्नत आयु 5 वर्ष, बेटा अली हमजा आयु 3 वर्ष व छोटी बेटी आयत आयु 1 वर्ष है। वर्तमान मे सना अपने मायके से महज 50 मीटर दूरी पर दो कमरों के मकान मे अपने परिवार के साथ रह रही थी।


परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से नसीम और सना के बीच किसी बात को लेकर गंभीर मनमुटाव चल रहा था और आए दिन झगड़े हो रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि नसीम ने आपा खो दिया और घर में रखी एक ईंट उठाकर सना के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। मां की चीखें सुनकर 5 साल की मासूम बेटी मन्नत की आंख खुल गई। अपनी मां को लहूलुहान होते देख बच्ची डर के मारे सहम गई और चुपचाप कोने में दुबक गई। कुछ ही मिनटों में सना ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद आरोपी नसीम घर से फरार हो गया।


नसीम के भागने के बाद सहमी हुई मासूम मन्नत तुरंत घर से बाहर भागी और 50 मीटर की दूरी पर रह रहे अपने नाना-नानी के घर पहुंची। बच्ची ने रोते हुए जब पूरी आपबीती सुनाई, तो मायके वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन और गांव के लोग जब दौड़कर मौके पर पहुंचे। कमरे का नजारा खौफनाक था। सना खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी और पास में ही खून से सनी ईंट पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और सना को जिला अस्पताल ले जाया गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक थी, जिसके चलते उसे कॉसमॉस हॉस्पिटल रेफर किया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान सना की मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना इंस्पेक्टर किरनपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने घटना का संज्ञान लेते हुए फरार आरोपी नसीम की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर संभावित ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।


इस जघन्य हत्याकांड के बाद से रसूलपुर हमीर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने और पिता के कातिल बनने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या