बिजनौर के किशोर का जम्मू कश्मीर मे कथित धर्म परिवर्तन, वीडियो देख उड़े परिजनो के होश, एसपी से लगाई बेटे को वापस लाने की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मई 18, 2026

बिजनौर के किशोर का जम्मू कश्मीर मे कथित धर्म परिवर्तन, वीडियो देख उड़े परिजनो के होश, एसपी से लगाई बेटे को वापस लाने की गुहार

www.newsindia17.com

रोजगार की तलाश मे जम्मू कश्मीर गए बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोर का कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर धर्म परिवर्तन का वीडियो वायरल होने के बाद किशोर के परिजनो के पैरों तले जमीन खिसक गई। आज सोमवार को पूर्व भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह की अगुवाई मे एसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की कमान सीओ सिटी को सौंप दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खांजनपुर बहादुर निवासी कृष्ण कुमार का पुत्र विशाल कुछ समय पूर्व रोजगार के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर गया था। वह क्षेत्र के ही काजीवाला निवासी वसीम नामक युवक के साथ वहां एक सैलून पर काम सीख रहा था। बाद में वह कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर) क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से सैलून का काम करने लगा था। परिजनों का आरोप है कि वसीम ही उसे बहला-फुसलाकर कश्मीर ले गया था। परिजनों ने बताया कि रविवार को विशाल के चाचा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो संदेश आया था। इसके साथ ही इंस्टाग्राम पर भी एक वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें विशाल को इस्लाम धर्म कबूल करते हुए दिखाया गया है। आरोप है कि बीती 15 मई को किशोर का जबरन या प्रभाव में लेकर धर्म परिवर्तन कराया गया है।


ये वीडियो देखने के बाद बदहवास परिजनों द्वारा विशाल से फोन पर संपर्क किये जाने पर उसने रोते लहजे में सिर्फ इतना कहा कि उसने इस्लाम स्वीकार कर लिया है और अब वह उन लोगों से बहुत दूर जा चुका है। इसके बाद से परिवार किसी अनहोनी की आशंका से गहरे सदमे में है।


पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक विशाल बीते 5 मई को अपने गांव आया था। 6 मई को मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर में परिजनों ने उसके लिए एक लड़की भी देखी थी, जिसे विशाल ने पसंद कर लिया था। इसके बाद 7 मई को वह वापस कश्मीर लौट गया। लेकिन वहां पहुंचते ही 8 मई को उसने अचानक फोन कर शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे परिजन हैरान थे। अब वीडियो सामने आने के बाद कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं।


सोमवार को पूर्व भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह की अगुवाई में भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन एसपी दफ्तर पहुंचे। पूर्व सांसद ने तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि लड़का अभी नाबालिग है और बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर उसका धर्म परिवर्तन कराना पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से किशोर को सकुशल कश्मीर से वापस लाने और आरोपी वसीम व उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने त्वरित कदम उठाए हैं। इस मामले मे किशोर के पिता कृष्ण कुमार की तहरीर पर शहर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच और कश्मीर पुलिस से समन्वय की जिम्मेदारी सीओ सिटी संग्राम सिंह को सौंपी गई है।


सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और कॉल डिटेल्स को खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या