नहटौर/जिला बिजनौर - दूसरे समुदाय के प्रेमी से शादी कर थाने पहुँची 4 दिन पूर्व लापता हुई युवती, कोर्ट ने दिया पति के साथ जाने का आदेश - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 08, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - दूसरे समुदाय के प्रेमी से शादी कर थाने पहुँची 4 दिन पूर्व लापता हुई युवती, कोर्ट ने दिया पति के साथ जाने का आदेश

https://www.newsindia17.com/crime/bijnor-nahhtaur-interfaith-love-story-girl-marries-lover-court-permits-to-live-with-husband/

नहटौर थाना क्षेत्र के एक गांव से शुरू हुई एक प्रेम कहानी इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। गत 4 दिन पूर्व संदिग्ध परिस्तिथियो मे घर से लापता हुई युवती ने आज सोमवार को अचानक थाने पहुंचकर सबको चौंका दिया। युवती के साथ गांव निवासी एक युवक भी मौजूद था, जिसे उसने समाज और कानून के सामने अपना जीवनसाथी घोषित कर दिया। पुलिस ने युवती को कोर्ट के सामने पेश किया। जहाँ युवती के बयान और इच्छा के अनुसार उसे युवक (पति) के साथ जाने की अनुमति दे दी गयी।


आज सोमवार को एक प्रेमी युगल के अचानक ही थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियो में हड़कंप मच गया। इसी दौरान युवती के परिजन भी थाने आ पहुंचे। युवती ने पुलिस व परिजनो के सामने बड़ी ही बेबाकी से अपना पक्ष रखा। युवती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी। उसने बताया कि वे दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अब उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया है।


मामला दो अलग अलग समुदायो से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने बेहद संवेदनशीलता व सतर्कता के साथ अग्रिम कार्रवाई की। पुलिस ने किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए युवती को तुरंत कोर्ट में पेश किया। अदालत के कटघरे में खड़े होकर भी युवती अपने फैसले पर अडिग रही। उसने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया कि उस पर किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं है और वह अपनी मर्जी से अपने पति के साथ रहना चाहती है। कोर्ट ने युवती के बालिग होने के साक्ष्यों और उसके स्पष्ट व बिना किसी दबाव वाले बयानों को मुख्य आधार माना। कोर्ट ने टिप्पणी की कि एक बालिग नागरिक को अपना जीवनसाथी चुनने का पूरा कानूनी अधिकार है। अदालत ने युवती को उसकी इच्छा के अनुसार उसके पति के साथ जाने की अनुमति दे दी। कोर्ट का आदेश आते ही पुलिस अभिरक्षा के बीच युवती को उसके पति के साथ विदा कर दिया गया। युवती मुस्कुराते हुए अपने ससुराल के लिए रवाना हुई।


प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवती को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया  गया था। जहाँ युवती ने अपनी मर्जी से विवाह करने और पति के साथ रहने की इच्छा जताई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में युवती को उसके पति के साथ सुरक्षित भेज दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और कानूनी प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन किया गया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या