![]() |
| मृतका की फाइल फोटो व शोक संतप्त परिजन |
जिला अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव मे आज गुरुवार की सुबह एक विवाहिता का शव घर के एक कमरे मे फांसी के फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव पौरारा निवासी मोहित उर्फ़ बिन्नू त्यागी की पत्नी कंचन देवी आयु 35 वर्ष पिछले कुछ वर्षो से अपने परिवार के साथ लोनी, जिला गाजियाबाद मे रह रही थी। मोहित उर्फ़ बिन्नू त्यागी वाहन चालक है जबकि कंचन देवी एक निजी अस्पताल मे नर्स के पद पर कार्यरत थी। दंपत्ति के परिवार में 2 पुत्र व 1 पुत्री है। परिजनो ने बताया कि कंचन कल बुधवार की देर रात करीब 9 बजे अकेले ही अपने गाँव पौरारा आयी थी। रात को खाना खाने के बाद वह अपने कमरे मे चली गयी थी।
आज गुरुवार की सुबह काफी देर तक कँचन के कमरे का दरवाजा न खुलने पर उसकी सास उसे जगाने पहुँची। कमरे के अंदर का नजारा देख उनकी चीख निकल गयी। वहाँ कंचन देवी का शव दुपट्टे के बने फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। घटना की खबर गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना का पता लगते ही रहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

