जिला बरेली की आंवला तहसील अंतर्गत गाँव कसुपुरा में खोली गयी शराब की दुकान के विरोध मे आज गुरुवार को क्षेत्र के तमाम महिलाये सड़क पर उतर आयी। शराब की दुकान के बाहर एकत्र हुई महिलाओ ने जोरदार प्रदर्शन किया और आबकारी विभाग व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रही महिलाओ ने शराब की दुकान तत्काल हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब की दुकान संचालित होने के कारण क्षेत्र का वातावरण लगातार खराब हो रहा है। उनका आरोप है कि दुकान के बाहर ही लोगों को खुलेआम शराब पीने को दी जाती है, जिससे दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है।महिलाओं ने आरोप लगाया कि नशे में धुत लोग रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं तथा कई बार छेड़छाड़ जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन जाती है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि गांव में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें आमने-सामने स्थित हैं। इससे पूरे दिन शराब खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है और आसपास रहने वाले परिवारों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक की लापरवाही के चलते दुकान परिसर के बाहर भी शराब का सेवन किया जाता है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीण महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि यदि गांव से शराब की दुकान नहीं हटाई गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक गांव के लोगों को इस समस्या से राहत नहीं मिलेगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

