जिला संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पड़ोसी युवक पर पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना की शिकायत करने पर आरोपी ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी है। इस मामले को लेकर पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति दिल्ली के मीठापुर क्षेत्र में कारपेंटर का कार्य करते हैं और काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही रहने वाला पड़ोसी युवक गजेंद्र पुत्र राधे घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी, जिसके कारण वह काफी समय तक भय के माहौल में रही। पीड़िता और उसके पति का आरोप है कि वे इस शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि न्याय की उम्मीद में वे लगातार पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं।
रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि यदि शिकायत प्राप्त हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि कहीं शिकायत स्थानीय पुलिस चौकी पर तो नहीं की गई थी।
पीड़िता के पति ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि आरोपी गांव में कृषि कार्य से जुड़ा हुआ है। पति का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी लगातार उनकी पत्नी को परेशान करता रहा और उसे धमकाता भी था। पीड़िता का पति का कहना है कि आरोपी गजेंद्र ने लगभग ढाई माह पूर्व जादू टोना कर उसकी पत्नी को वश में कर लिया था। आरोप है कि इसके बाद से वह लगातार उनकी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी के पास अवैध हथियार रहता है, जिसके बल पर वह भय का माहौल बनाकर रखता था। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता के पति का कहना है कि वह कल बुधवार को भी अपनी पत्नी को साथ लेकर थाने गए थे और मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि इसके बाद भी मामले मे कोई कार्रवाई नही हुई है।
दूसरी ओर पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। आरोपों की सत्यता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
NEWS INDIA 17 पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
