मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने दंपत्ति और एक मौलवी पर पिस्टल के बल पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थनापत्र के अनुसार, आरोपी दंपति और उसके परिवार के बीच करीब तीन वर्षों से जान-पहचान थी। आरोप है कि बीती 6 फरवरी को आरोपी महिला उसे बहाने से अपने घर बुलाकर ले गई, जहां उसका पति और एक मौलवी पहले से मौजूद थे। युवती के अनुसार आरोपी महिला के पति ने उसे पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और अपने पास बैठा लिया। इसके बाद वहां मौजूद मौलवी द्वारा उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। आरोप है कि धर्म परिवर्तन कराने के बाद आरोपी ने उससे निकाह करने का प्रयास किया, लेकिन मौलवी ने युवती की सहमति के बिना निकाह को अवैध बताया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने उसे कई दिनों तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ छेड़छाड़ की। किसी प्रकार आरोपियो के चंगुल से मुक्त होकर बाहर आयी युवती ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सतपाल अंतिल ने मझोला थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप पीड़िता के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

