जिला बरेली के शाही थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक विवाहिता ने पुलिस कोई दी गयी तहरीर मे अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो पर अतिरिक्त दहेज़ की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने व मारपीट कर घर से निकाले जाने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष 6 सदस्यो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
शाही थाना क्षेत्र के मोहल्ला दुनका निवासी महविश बानो ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसका निकाह लगभग 4 वर्ष पूर्व हसीब अहमद निवासी वार्ड संख्या 15, पहाड़गंज, रुद्रपुर, जिला उधम सिंह नगर के साथ हुआ था। पीड़िता ने अनुसार निकाह के समय उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था मगर इस सबके बाद भी पति हसीब और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य संतुष्ट नही थे। आरोप है कि इसी असंतुष्टि के चलते शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष ने अन्य सदस्यो ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। पीड़िता का कहना है कि ससुराल वालो ने निकाह के समय दहेज मे दिया गया सामान बेच दिया और उस पर नया घरेलू सामान व 1 लाख रूपये मायके से लाने का दबाब बनाया जाने लगा। ये मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता के मुताबिक इस मामले की सुलझाने के लिए परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में कई बार पंचायत हुई, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि गत 25 मई की शाम पति व ससुराल पक्ष अन्य सदस्यो ने उसके साथ मारपीट की और केवल पहने हुए कपड़ों में ही घर से बाहर निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। महविश ने बताया कि मायके में रहने के दौरान उसने ऑपरेशन के जरिए एक बेटी को जन्म दिया। इस कठिन समय में भी ससुराल पक्ष का कोई सदस्य न तो उसका हालचाल जानने आया और न ही नवजात बच्ची को देखने पहुंचा।
पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति हसीब अहमद, जेठ मुजीब अहमद, देवर मतीन अहमद, ससुर मुन्ने, सास नफीस बी और ननद निशा बी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट सहित संबंधित धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

