बदायूँ/उत्तर प्रदेश - निजी अस्पताल मे हुई मरीज की मौत पर भड़के परिजनो ने अस्पताल गेट पर शव किया हंगामा, लगाया उपचार मे लापरवाही का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जुलाई 30, 2026

बदायूँ/उत्तर प्रदेश - निजी अस्पताल मे हुई मरीज की मौत पर भड़के परिजनो ने अस्पताल गेट पर शव किया हंगामा, लगाया उपचार मे लापरवाही का आरोप

https://www.newsindia17.com/2026/07/badaun-private-hospital-patient-death-family-protest-negligence-allegation.html

बदायूँ नगर के इंदिरा चौक स्थित एक निजी अस्पताल मे भर्ती मरीज की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने कल बुधवार की रात हंगामा कर दिया। परिजनो ने शव को अस्पताल के बाहर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रबंधन पर उपचार के दौरान लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। इस हंगामे के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने मुख्य गेट को अंदर से बंद कर लिया। सोशल मीडिया पर अस्पताल की छत से भीड़ की ओर ईंट-पत्थर फेंके जाने का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार राजवीर पुत्र शेर सिंह, निवासी गांव अलापुर, थाना क्षेत्र के उपरैला लगभग 14 दिन पहले सिकंदराबाद में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों का कहना है कि प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जिसके बाद उन्हें बदायूं के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


परिजनों का आरोप है कि यहाँ अस्पताल प्रशासन ने सिर में गंभीर चोट बताते हुए तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताई और इसके लिए करीब 1.60 लाख रुपये जमा कराए। इतना ही नहीं अस्पताल प्रतिदिन लगभग 25 हजार रुपये का उपचार शुल्क भी वसूलता रहा। परिजनों का कहना है कि बुधवार देर शाम डॉक्टरों ने मरीज को घर ले जाने की बात कही, लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मरीज के सिर के घाव की ठीक से देखभाल नहीं की गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी राहुल पांडेय सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।


सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें अस्पताल की छत से भीड़ की ओर ईंट-पत्थर फेंके जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, NEWS INDIA 17 इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या