मेरठ/उत्तर प्रदेश - 3 दिन पूर्व लापता हुई बीए की छात्रा का कोई सुराग न मिलने पर आक्रोशित परिजनो ने किया थाने मे हंगामा, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जुलाई 16, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - 3 दिन पूर्व लापता हुई बीए की छात्रा का कोई सुराग न मिलने पर आक्रोशित परिजनो ने किया थाने मे हंगामा, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

newsindia17.com/meerut-3-din-se-lapata-ba-ki-chatra-ka-surag-na-milne-par-thane-me-hangama

जिला मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र से गत 3 दिन पूर्व लापता हुई बीए की छात्रा के परिजनो की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। छात्रा का अभी तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनो मे बेचैनी व भय का माहौल बना हुआ है। इसी सबके चलते आक्रोशित हुए परिजन आज गुरुवार को रोहटा थाना पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहटा थाना क्षेत्र के डालूपट्टी अट्टा गांव निवासी शगुन उर्फ आरजू 13 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। उस समय घर पर उसकी मां अकेली थी  भाई-बहन स्कूल गए हुए थे और पिता अपनी दुकान पर मौजूद थे। दोपहर तक बेटी के घर वापस न आने  पर परिजनो ने उसकी तलाश शुरू मगर कोई जानकारी नही मिल सकी। इसके बाद परिजनो ने पुलिस को मामले की सूचना देते हुए छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।


परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर छात्रा को अपने साथ ले जाने की आशंका जताई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक से पूछताछ भी की, लेकिन कोई ठोस जानकारी या साक्ष्य सामने न मिलने पर उसे छोड़ दिया। युवक को छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए और मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की मांग की।


लापता हुई छात्रा का अभी तक कोई सुराग न मिल पाने पर आक्रोशित हुए परिजन और ग्रामीण आज गुरुवार दोपहर ग्राम प्रधान दीपक के नेतृत्व रोहटा थाने पहुंचे। थाने पहुंचे परिजनो व ग्रामीणो ने पुलिस पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ समय के लिए थाने में तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही और पुलिस अधिकारियों तथा ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई।


मेरठ में हाल के दिनों में सामने आए चर्चित आपराधिक मामलों के बाद छात्रा के परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिवार को आशंका है कि कहीं उनकी बेटी किसी अनहोनी का शिकार न हो गई हो। यही वजह है कि बीते तीन दिनों से परिवार लगातार पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।


थाना प्रभारी रोहटा पूजा पंवार ने बताया कि छात्रा के पिता सतीश द्वारा दी गयी तहरीर केआधार पर गुमशुदगी दर्ज की गयी है। छात्रा की तलाश हेतु कई पुलिस टीमों को लगाया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने कहा कि छात्रा की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है और उसे जल्द से जल्द सकुशल तलाशने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल छात्रा की तलाश जारी है और परिवार की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या