अमरोहा/उत्तर प्रदेश - ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर ठगे 13 लाख, एआई से बना फर्जी वीजा व टिकट थमाया, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, सितंबर 20, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर ठगे 13 लाख, एआई से बना फर्जी वीजा व टिकट थमाया, मुकदमा दर्ज

amroha-uttar-pradesh-australia-bhejne-ke-naam-par-thage-13-lakh-ai-se-bana-farji-visa-va-ticket-thamaya-mukadma-darj
उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से ऑस्ट्रेलिया भेजने और वीजा दिलाने का झाँसा देकर दो लोगों से करीब 13 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी टालता रहा और  बाद में एआई की मदद से तैयार किया गया कथित फर्जी वीजा और टिकट सौंप दिया। दस्तावेजों की जांच में उनके फर्जी होने का पता चला। इस मामले में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ के आदेश पर नौगावां सादात थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जनपद के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गाँव तारापुर निवासी जगपाल सिंह और डिडौली थाना क्षेत्र गाँव मिठ्ठनपुर निवासी ब्रह्मानंद सिंह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में सहायक चालक के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान दोनों की मुलाकात देहात थाना क्षेत्र के लोधीपुर बंजारा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह से हुई। शिकायत के मुताबिक बातचीत के दौरान सुरेंद्र सिंह ने इन दोनों को ऑस्ट्रेलिया भेजने और वहां का वीजा दिलाने का भरोसा दिया। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए जगपाल सिंह ने छह लाख रुपये और ब्रह्मानंद सिंह ने सात लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम का कुछ हिस्सा ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया, जबकि कुछ धनराशि नकद दी गई।


रकम मिलने के बाद आरोपी ने दोनों को विदेश भेजने के लिए अलग-अलग तारीखें बतानी शुरू कर दीं। कभी 10 दिन तो कभी 15 दिन में ऑस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया जाता रहा। इस तरह करीब आठ महीने से अधिक समय बीत गया, लेकिन दोनों को विदेश नहीं भेजा गया। आरोप है कि बाद में सुरेंद्र सिंह ने दोनों को सादे कागज पर तैयार किया गया एआई जनरेटेड वीजा और टिकट दिया। जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो उनके फर्जी होने की जानकारी सामने आई।


शिकायतकर्ताओं के मुताबिक रकम वापस मांगने पर आरोपी सुरेंद्र सिंह टालमटोल करने लगा। पैसा मांगने उसके घर जाने पर आरोपी उसकी पत्नी और बच्चो ने पीड़ितों  के साथ मारपीट और गाली गलौज की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सुरेंद्र सिंह ने दोनों को जान से मरवाने की धमकी दी और कहा कि उसने उनके पीछे लोग लगा रखे हैं।


सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या