पुवायां/जिला शाहजहाँपुर - जलती चिता पर मीट पकाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, बोले शराब पीने के बाद हुआ था मीट खाने का मन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, सितंबर 21, 2026

पुवायां/जिला शाहजहाँपुर - जलती चिता पर मीट पकाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, बोले शराब पीने के बाद हुआ था मीट खाने का मन

/puwayan-shahjahanpur-jalti-chita-par-meat-pakane-wale-teen-aaropi-giraftar-sharab-pine-ke-baad-hua-meat-khane-ka-man

जिला शाहजहाँपुर के पुवायां थाना क्षेत्र से जलती चिता पर मीट पकाये जाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के करीब एक घंटे बाद शमशान घाट पहुंचे मृतक के परिजनो ने देखा कि तीन युवक चिता की आग पर मीट पका रहे है। पुलिस ने इस मामले मे 3 युवको को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव नत्थापुर निवासी छोटेलाल आयु 60 वर्ष लम्बी बीमारी के बाद मौत हो गयी थी। कल रविवार दोपहर परिजन छोटेलाल के पार्थिव शरीर को लेकर शमशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया था। चिता को मुखाग्नि देने के बाद परिजन व अन्य लोग वापस घर लौट आए थे। करीब एक घंटे बाद छोटेलाल का पुत्र  वीरपाल कुछ रिश्तेदारों के साथ चिता देखने के लिए दोबारा श्मशान घाट पहुंचा। शमशान घाट पहुंचे सभी लोग वहां का नजारा देख हैरान रह गए। वहाँ तीन युवक जलती चिता की आग पर एक पतीले में मीट पका रहे थे। वीरपाल और उसके साथ मौजूद रिश्तेदारों ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया और एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया जबकि दो अन्य बाइक से फरार हो गए।


घटना की सूचना तुरंत ही डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पकड़े गए युवक को थाने ले आयी। इस मामले मे कल देर शाम वीरपाल द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर तीनो युवको के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को दी गयी तहरीर मे वीरपाल ने बताया था कि तीन युवक उसके पिता की जलती चिता पर मीट पका रहे थे। वीरपाल ने यह भी बताया कि युवकों का हुलिया तांत्रिक जैसा दिखाई दे रहा था, जिससे परिजनों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं पैदा हुईं।


वीरपाल द्वारा  दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस फरार हुए आरोपियो की तलाश मे जुटी थी।  आज सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नत्थापुर तिराहे के पास घेराबंदी कर फरार हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपियों ने शराब के नशे में मीट खाने की इच्छा होने पर चिता की आग का इस्तेमाल करने की बात बताई। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने शराब पीने की बात स्वीकार की। उनका कहना था कि मीट खाने का मन होने पर उन्होंने पतीले को चिता की आग पर रख दिया था। पुलिस की जांच में आरोपियों के तंत्र-मंत्र से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।


प्रभारी निरीक्षक पुवायां आरके रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और उनका चालान कर दिया गया है।

counter
अभी तक पाठक संख्या