चाँदपुर/जिला बिजनौर - गैस कनेक्शन के नाम पर युवती से जेवर ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवरात व बाइक बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 19, 2026

चाँदपुर/जिला बिजनौर - गैस कनेक्शन के नाम पर युवती से जेवर ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवरात व बाइक बरामद

chandpur-bijnor-gas-connection-ke-naam-par-yuvati-se-jewar-thagne-wala-aaropi-giraftar-jewarat-va-bike-baramad
जिला बिजनौर की चाँदपुर थाना पुलिस ने गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर एक युवती से सोने के जेवर ठगकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी की निशानदेही पर युवती से ठगे गए जेवर और वारदात मे प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। बताया गया कि गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानो मे 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि मौहल्ला फ़ीना बस्ती सराय रफी के निवासी इदरीश अहमद ने गत 27 अगस्त को थाना चाँदपुर मे एक शिकायत दर्ज कराई थी। इदरीश अहमद ने बताया था कि 25 अगस्त की दोपहर लगभग 12 बजे एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और खुद को चांदपुर गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया। इस व्यक्ति ने उन्हें गैस सिलेंडर कनेक्शन दिलाने के बारे मे बताया और उनकी बेटी को साथ ले जाने के लिए उनकी पैशन प्रो बाइक मांग ली। आरोप है कि ये व्यक्ति युवती को रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ले जाकर छोड़ दिया और वापस आकर इदरीश अहमद को भी साथ ले गया। इस व्यक्ति ने कुछ देर बाद बहाना बनाकर इदरीश अहमद को भी दूसरे स्थान पर छोड़ दिया।


इसके बाद ये व्यक्ति दोबारा युवती के पास पहुंचा और उससे कहा कि गैस कनेक्शन की गारंटी के तौर पर एजेंसी मे सोने के जेवर दिखाने होंगे। युवती ने उसकी बातो पर भरोसा कर अपनी सोने की बालियां, कुंडल और गले मे पहना पेंडल उतारकर उसे दे दिया। इस व्यक्ति के युवती से कहा कि वह ये जेवरात उसके पिता को वापस दे देगा। इसके बाद वह बाइक और युवती से लिए गए जेवर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।


आज शनिवार को उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आरोपी के आने-जाने वाले रास्तों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसपी ग्रामीण के मुताबिक पुलिस टीम ने करीब 50 कैमरों की लगभग 150 घंटे की रिकॉर्डिंग की जांच की और आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।


चाँदपुर पुलिस ने उक्त मामले मे वाँछित आरोपी रिहान उर्फ मिन्जार पुत्र अनवर, थाना क्षेत्र ऐंचोड़ा कम्बोह, जिला संभल को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गयी जाँच मे आरोपी के कई पते भी सामने आए हैं, जिनमें गाजियाबाद के पसौंडा क्षेत्र और दिल्ली के बुराड़ी स्थित संगम विहार का पता शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने की बालियां, एक जोड़ी कुंडल, गले का पेंडल और पैशन प्रो बाइक बरामद की है। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों के थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या