उत्तर प्रदेश होमगार्ड में नौकरी का सपना लेकर शारीरिक दक्षता परीक्षा देने मुरादाबाद पहुंचे बरेली के एक अभ्यर्थी की आज शुक्रवार को मौत हो गई। आज शुक्रवार को कांठ रोड स्थित 9वी वाहिनी पीएसी के ग्राउंड पर आयोजित दौड़ के दौरान युवक अचानक ही बेहोश होकर गिर गया। युवक को आनन फानन मे अस्पताल पहुंचाया गया। जहाँ चिकित्सको ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का पता लगते ही युवक के परिजनो मे कोहराम मच गया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम यादव पुत्र अधिवक्ता विनोद यादव निवासी राजपुर कलां, मणिनाथ कॉलोनी, बरेली होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा मे शामिल होने के लिए मुरादाबाद आया था। यहाँ सिविल लाइन स्थित 9वी वाहिनी पीएसी ग्राउंड मे दौड़ लगाने के दौरान वह अचानक ही बेहोश होकर गिर गया। मौके पर मौजूद रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियो ने उसे सीपीआर भी दिया मगर हालत मे कोई सुधार नही हो सका। शिवम की हालत बिगड़ती देख उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहाँ चिकित्सको के तमाम प्रयासो के बाद भी उसकी जान नही बचाई जा सकी। शिवम की मौत की सूचना मिलते ही ग्राउंड पर मौजूद रहे अन्य अभ्यर्थियो मे भी हड़कंप मच गया। अधिकारियो ने तुरंत ही शिवम के परिजनो को घटना की सूचना दी।
बताया गया कि घटना के समय शिवम 4800 मीटर दौड़ के 12वे और अंतिम राउंड मे था। समय पूरा होने मे 50 सेकेण्ड का समय था और मंजिल भी मात्र 50 मीटर दूरी पर ही थी। इसी दौरान अचानक ही उसकी तबियत बिगड़ी और बेहोश होकर गिर गया।
शिवम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और रोते बिलखते मुरादाबाद पहुंचे। परिजनों के अनुसार शिवम बीटेक कम्प्यूटर साइंस से बीटेक था और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कोचिंग भी ले रहा था। होमगार्ड भर्ती को लेकर भी वह काफी उत्साहित था। शिवम के परिवार में पत्नी कोमल यादव, दो साल की बेटी शैली और मां ममता यादव हैं। बेटे की अचानक मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी और मासूम बेटी के सिर से भी सहारे का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शिवम की मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी की मौत की घटना के बाद वहां मौजूद दूसरे उम्मीदवारों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

