नूरपुर/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला 25 वर्षीय महिला का अधजला शव, पास ही रोती मिली गमछे मे लिपटी डेढ़ वर्षीय बच्ची - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 23, 2026

नूरपुर/जिला बिजनौर - गन्ने के खेत मे पड़ा मिला 25 वर्षीय महिला का अधजला शव, पास ही रोती मिली गमछे मे लिपटी डेढ़ वर्षीय बच्ची

noorpur-bijnor-gannay-ke-khet-me-25-varshiya-mahila-ka-adhjala-shav-mila-paas-roti-mili-dedh-varshiya-bacchi

जिला बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र मे आज बुधवार की सुबह सड़क किनारे गन्ने के खेत के पास एक महिला का अधजला शव मिलने पर सनसनी फ़ैल गयी। महिला के शव के पास ही उसकी करीब डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी रोती हुई मिली। राहगीरो द्वारा सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जाँच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। शव के पास मिली बच्ची को भी तत्काल उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


उक्त घटना थाना क्षेत्र के गाँव आलमपुर एडवा के गाँव के जंगल से जुडी है। आज बुधवार की सुबह करीब 7 बजे रामगंगा पोषक नहर से रोशनपुर गाँव की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित गोहावर जैत निवासी ध्यानपाल सिंह के गन्ने के खेत के पास से गुजर रहे राहगीरो ने महिला का अधजला शव पड़ा देखा। शव के पास ही एक बच्ची भी रोती हुई मिली। राहगीरो ने तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नूरपुर प्रवेज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जाँच की। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किये। घटना की सूचना मिलते की सीओ चाँदपुर देश दीपक सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त का प्रयास किया मगर सफलता नही मिल सकी।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस की शुरुआती जाँच मे महिला की आयु लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। थानाध्यक्ष नूरपुर प्रवेज कुमार के अनुसार आशंका है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर गला दबाकर हत्या की गई है और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर जलाने का प्रयास किया गया है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतका की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के थानों और दूसरे जनपदों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस महिला की पहचान और घटना से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।


फिलहाल महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि मासूम बच्ची अस्पताल में पुलिस की निगरानी में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या