जिला बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र से अपना नाम और धर्म छिपाकर एक हिन्दू युवती से दोस्ती करने और शादी का वादा कर 7 वर्षो तक लिव इन रिलेशन मे रखे जाने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि इस लिव इन रिलेशन के दौरान उनके 3 बच्चे भी हुए मगर अब युवक शादी करने से इंकार कर रहा है। आरोप है कि शादी कहे जाने पर युवक ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सलमान उर्फ़ संदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
जिला देवरिया निवासी 28 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर मे बताया कि वर्ष 2019 मे चंडीगढ़ के एक मॉल में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात गाँव हबीबवाला निवासी एक युवक से हुई थी। ये युवक वहां ऑटो चलाता था। आरोप है कि युवक ने अपना नाम संदीप बताया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पीड़िता के अनुसार युवक ने उससे शादी करने का वादा और दोनो लिव इन मे रहने लगे। युवती का दावा है कि करीब 7 वर्षों तक लिव इन मे रहने के दौरान उनके 3 बच्चे भी हुए। युवती के अनुसार लम्बे समय बाद उसे पता लगा कि संदीप नाम बताकर उसके साथ रह रहा युवक मुस्लिम है और उसका नाम सलमान है। आरोप है कि युवक कुछ समय पहले उसे अपने गांव ले आया, जहां वह करीब एक महीने तक रही।
पीड़िता का आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी तीनों बच्चों को अपने पास रखकर उसे घर से निकाल दिया। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी करने से भी इनकार कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक धामपुर धीरज कुमार ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मंगलवार रात सलमान उर्फ संदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। मामला पुराना होने के कारण पुलिस विभिन्न साक्ष्य जुटा रही है। पीड़िता के मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी कराई जा रही है।

