शाहजहाँपुर /उत्तर प्रदेश - किशोरी को भगाने वाले युवक के चाचा की पीट पीटकर हत्या, दोनो पक्षो के बीच जमकर चले लाठी डंडे - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अक्टूबर 19, 2026

शाहजहाँपुर /उत्तर प्रदेश - किशोरी को भगाने वाले युवक के चाचा की पीट पीटकर हत्या, दोनो पक्षो के बीच जमकर चले लाठी डंडे

https://newsindia17.com/2026/10/shahjahanpur-minor-girl-dispute-uncle-beaten-to-death.html

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में नाबालिग लड़की को भगाकर ले जाने के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। सोमवार को मारपीट के वीडियो सामने आने की बात भी कही जा रही है।


मामला जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर कटरा थाना क्षेत्र के तहावरगंज गांव का है। गांव निवासी 50 वर्षीय रमेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। बताया गया कि 3 अक्टूबर को उनके भतीजे रंजीत पर पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को भगाकर ले जाने का आरोप लगा था। इस मामले में लड़की के परिजनों ने एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।


मृतक रमेश के भाई गोविंद के मुताबिक, रंजीत और लड़की के बीच करीब छह महीने से संबंध थे। उनका दावा है कि इस बारे में लड़की के परिवार को पहले ही जानकारी दे दी गई थी। आरोप है कि 3 अक्टूबर को रंजीत लड़की को अपने साथ ले गया, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। गोविंद ने बताया कि बाद में उनके परिवार ने लड़की को पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उसे नारी निकेतन भेज दिया। उनके अनुसार, बाद में दिए गए बयान में लड़की ने रंजीत के साथ अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी और गहरा गई।


बताया गया कि रविवार रात करीब आठ बजे पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए। रमेश को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गोविंद ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को राम बारात के दौरान भी लड़की पक्ष के लोगों ने उनके तीन भाइयों के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन उनके मुताबिक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात रमेश गुटखा लेने गए थे, तभी लड़की के भाई ने उन पर बांके से हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई और पथराव हुआ। इस घटना में रमेश के अलावा गोविंद, नरेश, हेमा, भूरी और अमित समेत कई लोग घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष के भी तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।


एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे के अनुसार, पुराने मुकदमे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मारपीट में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: घटना से जुड़े आरोप संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित हैं। मामले के सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या