जिला मेरठ की जानी थाना पुलिस ने गत 19 अक्टूबर को कैंटर और उसने लदे करीब 10 टन सरिये की लूट के घटना का सनसनीखेज खुलासा किया है। जानी थाना पुलिस ने कल मंगलवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद उक्त लूट कांड मे शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस की गोलों लगने पर घायल हो गया। वारदात के दौरान बदमाशो के दो अन्य साथी अंधरे का फायदा उठाकर मौके से भागने मे सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश मे जुटी है।
सीओ सरधना आशुतोष तोमर ने बताया कि गत 19 अक्टूबर को जानी थाना क्षेत्र में नहर पुल के पास बदमाशों ने सरिया लदा एक कैंटर रोका था। बदमाशो ने बिहार के अरवल जिला निवासी कैंटर चालक के साथ मारपीट की थी और डरा धमकाकर वाहन और उसमे लदा लगभग 10 टन सरिया लूट लिया था। ये लूटा गया सरिया दक्षिणी दिल्ली निवासी रंजीत कुमार का बताया गया है।
इस मामले मे वाहन मालिक द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 20 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जानी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। कल देर रात प्रभारी निरीक्षक थाना जानी गौरव कुमार विश्नोई को सूचना मिली कि लूट कांड मे शामिल रहे बदमाश शिवाल पुल से मोहिउद्दीनपुर जाने वाले मार्ग पर खड़े एक वाहन मे सरिया लोड कर रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ली। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली जानी थाना क्षेत्र के कुराली निवासी अमनीत उर्फ धर्म सिंह के पैर में जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से रामपुर पावटी निवासी रमन जाटव और तिमकिया निवासी रोहित कश्यप को भी हिरासत में ले लिया गया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटा गया सरिया, दो आइशर कैंटर और अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |
