मंडी धनौरा/जिला अमरोहा - 15 साल से सेवा दे रहे स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, आंदोलन तेज करने की चेतावनी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अक्टूबर 05, 2026

मंडी धनौरा/जिला अमरोहा - 15 साल से सेवा दे रहे स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

mandi-dhanaura-amroha-15-saal-se-seva-de-rahe-swasthya-vibhag-ke-sanvida-karmachariyon-ka-futa-gussa-kali-patti-bandhkar-jataya-virodh-andolan-tej-karne-ki-chetavni
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियो ने आज सोमवार को मंडी धनौरा स्थित सीएचसी मे काली पट्टी बांधकर कार्य कर अपना विरोध दर्ज कराया। पाठको को बताना उचित होगा कि लम्बे समय से स्वास्थ्य विभाग मे सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियो ने सरकार के समक्ष अपनी मांगे रखते हुए चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है।


उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की अमरोहा जिला शाखा के बैनर तले सीएचसी धनौरा में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महामंत्री डा0  कुलदीप शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमरोहा को पांच सूत्रीय ज्ञापन भेजा।


जिला महामंत्री डा0 कुलदीप शर्मा और डा0 अनामिका चौधरी ने कहा कि प्रदेशभर में करीब 1.50 लाख लोग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा कर्मचारी के रूप मे अपना योगदान देकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं, जो 15 वर्ष से भी अधिक समय से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सुविधाएं और नौकरी की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। इसी को लेकर अब संगठन ने अपनी मांगों के लिए निर्णायक संघर्ष का रास्ता अपनाने की बात कही है।


संविदा कर्मचारियों ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, DA, EPF व HRA जैसे भत्ते, स्थानांतरण नीति और अनुकंपा नियुक्ति जैसी मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को राहत मिल सके।


संगठन ने आंदोलन का चरणबद्ध कार्यक्रम भी घोषित किया है। इसके तहत 5 से 7 अक्टूबर तक कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। इसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर पूर्ण कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होती है तो 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।


विरोध प्रदर्शन में डॉ. परवेज, डॉ. सीमा, सुनील कुमार, संदीप शर्मा, मुस्कान कटियार, मीनू सैनी, हिमाचल, रविशंकर, प्रशांत कुमार, अभिषेक वर्मा, संदीप सैनी, अंशू, कुमारी ममतेश और दीपा यादव समेत बड़ी संख्या में NHM संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। संगठन ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है। 

web counter free
अभी तक पाठक संख्या