जिला मुरादाबाद की कटघर थाना क्षेत्र निवासी 8 माह की गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए है। आरोप है की दो बेटियाँ पैदा होने के चलते ससुराल पक्ष व पति द्वारा महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस सबका विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गयी और दुपट्टे से गला घोंटकर जान से मारने का भी प्रयास किया। आरोप है इसी विवाद के चलते महिला ने पति ने तीन तलाक बोलकर उससे रिश्ता खत्म कर दिया और बेटियो के साथ घर से निकाल दिया। पुलिस ने इस मामले मे महिला द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 9 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव भैंसिया निवासी हिना का निकाह रफी हसन, निवासी ग्राम चक जिम के साथ हुआ था। वर्तमान मे दंपत्ति के दो बेटियाँ है और महिला आठ माह की गर्भवती भी है। पीड़िता हिना का आरोप है कि बेटियां पैदा होने के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य लोग उसे ताने देने लगे थे। उसे लड़की पैदा करने की मशीन कहकर अपमानित किया जाता था। साथ ही पति का दूसरा निकाह कराने की धमकी भी दी जाती थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 सितंबर की रात करीब आठ बजे ससुराल वालों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला घोंटकर जान लेने का प्रयास भी किया गया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि इस बार भी बेटी पैदा हुई तो उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। घटना के समय महिला के आठ माह की गर्भवती होने पर इस मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
हिना के मुताबिक घटना के अगले दिन उसके पिता और भाई ससुराल पहुंचे। इसी दौरान पति ने तीन बार तलाक बोलकर उससे रिश्ता खत्म करने की बात कही और दोनों बेटियों समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
