जिला बिजनौर के बढ़ापुर थाने से पुलिस विभाग को असहज करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ थाने के आधिकारिक व्हाट्सअप ग्रुप पर अश्लील वीडियो शेयर किए जाने के मामले मे एसपी केके विश्नोई ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मामले की जाँच मे जुटी टीम की रिपोर्ट के आधार पर की गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी बढ़ापुर ने कुछ दिन पूर्व थाने के व्हाट्सअप ग्रुप पर एक अश्लील वीडियो पोस्ट किया था। हालाँकि इस वीडियो को कुछ देर बाद हटा दिया गया था मगर तब तक कुछ पुलिसकर्मी उसे डाउनलोड कर चुके थे अथवा स्क्रीन शॉट ले लिया था। इसके बाद वीडियो और उससे जुड़े स्क्रीनशॉट पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन तक पहुंचने की बात सामने आई। प्रकरण की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग में हलचल मच गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कराई गई।
उक्त मामले की जांच के लिए गठित टीम सोमवार देर रात बढ़ापुर थाने पहुंची थी। टीम ने यहां पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो साझा किए जाने से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की गई। आज बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई भी बढ़ापुर थाने पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
थाने के आधिकारिक ग्रुप में इस तरह की सामग्री साझा किए जाने का मामला पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े करता है। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के अनुसार निलंबन की कार्रवाई जांच के बाद की गई है। वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और विभागीय जांच के निष्कर्षों को लेकर आगे की जानकारी सामने आने का इंतजार है।
| अभी तक पाठक संख्या |
