बरेली/उत्तर प्रदेश - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, नवंबर 11, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

bareilly-uttar-pradesh-dahej-ki-maang-puri-na-hone-par-vivahita-ko-maarpeet-kar-ghar-se-nikala-pidita-ne-ssp-se-lagai-nyay-ki-guhar

उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के 6 सदस्यो पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके मासूम बेटे को भी जबरन अपने पास रख लिया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।


पीड़िता फूलबी ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे बताया कि उसका निकाह 17 अप्रैल 2025 को मोहम्मद अहमद पुत्र जमील अहमद, निवासी मौलागढ़, थाना भोजीपुरा के साथ हुआ था। शादी के समय उसके मायके पक्ष ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया था। फूलबी का आरोप है कि पति मोहम्मद अहमद, ससुर जमील अहमद, सास मैसर, जेठ ईशाक अहमद, देवर इस्लाम और ननद खुशनुमा व शाजमा उससे एक लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। इन सभी का कहना था कि उसके पिता ने शादी के समय एक लाख रुपये देने का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया गया। इसी बात को लेकर उसके साथ आए दिन मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाने लगा।


पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता ने कई बार ससुराल पहुंचकर परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई। बेटे को जन्म देने के बाद भी ससुराल वालों ने दहेज की मांग बंद नहीं की। यहां तक कि उसका खाना-पीना तक बंद कर दिया गया। सास और ननद द्वारा मारपीट किए जाने तथा जेठ द्वारा तलाक देकर घर से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।


फूलबी का कहना है कि वह आज भी अपने पति के साथ वैवाहिक जीवन बिताना चाहती है, लेकिन पति उसे साथ रखने के लिए तैयार नहीं है। आरोप है कि उसे घर से निकालने के साथ ही उसके मासूम बेटे को भी उससे अलग कर जबरन अपने पास रख लिया गया। पीड़िता को आशंका है कि दोबारा ससुराल जाने पर उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।


पीड़िता ने एसएसपी से अपने बच्चे को वापस दिलाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और पति समेत सभी सात आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


इस मामले में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक अचल कुमार ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या