उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से स्थानीय प्रशासन द्वारा कराई जा रही नाली की खुदाई के दौरान एक दुकान के ढ़हने का मामला सामने आया है। इस हादसे मे दुकान के दोनो शटर टूट गए और अंदर रखा सामान मलबे मे दब गया। दुकान मालिक ने इस हादसे मे करीब 10 से 12 लाख का नुकसान होने का दावा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार की शाम महानगर के ताड़ीखाना चौक क्षेत्र मे सीएम ग्रेड योजना के अंतर्गत नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा था। बुलडोजर से की जा रही खुदाई के दौरान अचानक ही गुप्ता प्रोविजन नाम की दुकान की नींव पर चोट पड़ने के चलते भरभराकर ढह गयी। गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी और किसी प्रकार की जनहानि नही हुई।
दुकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जेसीबी की सहायता से मलबा हटाकर अंदर दबे सामान को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
दुकान मालिक नवीन गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने खुदाई शुरू होने से पहले ही निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को दुकान की नींव के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी थी। उन्होंने मशीन से गहरी खुदाई कराने के बजाय मजदूरों से हाथों द्वारा खुदाई कराने का सुझाव दिया था। यहां तक कि मजदूरों की कमी होने पर अपनी तरफ से मजदूर उपलब्ध कराने की बात भी कही थी, लेकिन उनकी चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। नवीन गुप्ता के अनुसार दुकान के एक तरफ पहले ही खुदाई की जा चुकी थी। इसके बाद वह दुकान बंद करके चले गए थे। उनका आरोप है कि दुकान के पीछे कॉपर की पाइप दबे होने के कारण खुदाई के दौरान करीब दो फीट अतिरिक्त गहराई तक खुदाई की गई। इससे दुकान की नींव के आसपास की मिट्टी कमजोर हो गई और दुकान अचानक ढह गई।
हादसे में दुकान के दोनों शटर, एसी, उपकरण और अंदर रखा अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार ने करीब 10 से 12 लाख रुपये के आर्थिक नुकसान का दावा करते हुए प्रशासन से भरपाई की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों का कहना है कि शहर में विकास कार्य कराना जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान आसपास की दुकानों और भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी संबंधित विभाग और ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
फिलहाल दुकानदार ने पूरे मामले में जांच कराकर जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

