जिला पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र मे एक दिव्यांग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों मे हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई ने अपने ही परिवार के चार भतीजों पर तमंचे के बल पर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से चारों आरोपी भतीजों के घर से फरार होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दियोरिया गांव निवासी रामकुमार गंगवार के मुताबिक उनके छोटे भाई ओमकार गंगवार आयु 35 वर्ष अविवाहित और दिव्यांग थे। ओमकार के नाम करीब छह बीघा कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामेश्वर दयाल के चारों बेटे काफी समय से ओमकार पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। रामकुमार का कहना है कि ओमकार अपनी जमीन भतीजों के नाम करने को तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर चारों भतीजे उनसे रंजिश रखने लगे थे। जमीन को लेकर चल रहा यह विवाद ही घटना की वजह बताया जा रहा है।
रामकुमार के अनुसार कल सोमवार देर रात करीब दो बजे चारों भतीजे ओमकार के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने तमंचे के बल पर ओमकार को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।जहरीला पदार्थ खाने के कुछ देर बाद ओमकार की हालत बिगड़ने लगी। बताया गया कि उन्होंने अपने बड़े भाई रामकुमार को जगाकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रामकुमार आनन-फानन में उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान ओमकार ने दम तोड़ दिया।
ओमकार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बड़े भाई रामकुमार गंगवार और बहनों सुदामा देवी, शांति देवी तथा सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर दियोरिया कोतवाली पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर पहुंची और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
