आज बुधवार दोपहर जिला सम्भल के बबराला थाना क्षेत्र मे हुई सड़क दुर्घटना मे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
उक्त दर्दनाक हादसा आज बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बबराला क्षेत्र में नगर पंचायत के पास हुआ। बताया गया कि सूरजपाल आयु 45 वर्ष पुत्र रामचरण निवासी गांव मेहुआ की मढ़ैया, थाना बबराला अपनी बाइक से बबराला आए थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बबराला और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल सूरजपाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के करीब एक घंटे बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। सूरजपाल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरजपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में मां मेहरबती, पत्नी धर्मावती, दो बेटे अर्जुन और भोले तथा बेटी तुलसा हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया। वहीं पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी लवनीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। दुर्घटना में शामिल कैंटर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

