जिला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र से पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद मे एक युवक पर जानलेवा हमला किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि चार लोगों ने युवक को घेरकर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम गोपीवाला निवासी रईस अहमद पुत्र जाफर अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 18 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा इमरान अली गांव की नहर के पास मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही नफीस, अनीस, रियाज और फरियाद पुत्रगण रहीस अहमद वहां पहुंच गए और इमरान को घेर लिया। आरोप है कि नफीस और रियाज ने इमरान को पकड़ लिया, जबकि फरियाद ने चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। आरोपियों ने इमरान को जान से मारने की नीयत से हमला किया। इसी बीच मौके पर पहुंचे फरमान पुत्र रईस अहमद और शाहनवाज पुत्र शकील अहमद ने हस्तक्षेप करते हुए इमरान को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने इन दोनों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में इमरान के पिता रईस अहमद ने कोतवाली ठाकुरद्वारा में लिखित तहरीर दी गयी है। पुलिस ने नफीस, अनीस, रियाज और फरियाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज मामले की जाँच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक किरंत पंवार को सौंपी गई है।
कोतवाली प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

