गजरौला में अपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी होती जा रही है। पुरानी घटनाओं का राजफाश अभी हुआ नहीं कि नई घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी है। इस क्रम में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर होटल संचालक के सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख रुपये समेत कई लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने से हलचल मच गई। मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है।
चौपला पुलिस चौकी क्षेत्र के मुहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी रामसिंह लच्छन उर्फ रामू का हापुड़ जनपद में गढ़ टोल टैक्स के पास गंगा प्लाजा होटल है। उनके घर पर दो पुत्रों के परिवार भी रहते हैं। पांच फरवरी को वह पिता की मृत्यु होने पर अपने पैतृक गांव आगरा क्षेत्र में गए थे। मकान में ताला लगा हुआ था। इस बीच बदमाशों ने उनके मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बारे में सोमवार की रात उस समय पता चला जब पड़ोस में रहने वाली महिला ने मकान का ताला टूटा हुआ देखा।
महिला ने मकान स्वामी को फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी तो होश उड़ गए। मकान के अंदर सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सामान भी बिखरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मकान स्वामी के मुताबिक चोर लगभग डेढ़ लाख की नगदी, 12 सोने की अंगूठियां, 1 किलो चांदी व जरूरी कागजात और कपड़ों से भरा संदूक भी ले गए। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
| अभी तक पाठक संख्या |