![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
आज रविवार की सुबह जिला मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र से कथित गौकशी का एक मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन मे हड़कंप मच गया। यहाँ आज सुबह खेतो की तरफ जा रहे ग्रामीणो ने चकरोड के पास गौवंशीय पशु के अवशेष पड़े देखे। गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जाँच पड़ताल की।
उक्त मामला सरधना थाना क्षेत्र के गाँव कपसाड़ से जुड़ा है। ग्रामीणो के अनुसार आज सुबह खेतो की ओर जाते समय उन्होंने चकरोड किनारे स्थित गाँव निवासी मोनू पुत्र प्रेमपाल के खेत मे गौवंशीय पशु के अवशेष पड़े देखे। ग्रामीणो का कहना है कि रात के अँधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियो ने इस घटना को अंजाम दिया है। ग्रामीणो ने पुलिस से आरोपियो को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है। ग्रामीण नितिन कुमार का कहना है कि सावन माह शुरू होने से ठीक पहले इस प्रकार की घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि यह घटना सुनियोजित तरीके से गांव की अंतिम सीमा पर अंजाम दी गई है।
मोनू, कपिल सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे तहसील स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की। चौकी प्रभारी हिमांशु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

