मुरादाबाद महानगर के मझोला थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद के चलते एक दंपति द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन किये जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई यूपी डायल-112 की टीम ने दंपत्ति को खोज निकाला और अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। फिलहाल पति-पत्नी का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझोला थाना क्षेत्र स्थित आकांक्षा स्कूल और गुप्ता फाइनेंस के पास रहने वाले हरिओम सैनी आयु 30 वर्ष और उनकी पत्नी दीपा कुमारी आयु 24 वर्ष ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना से पहले दीपा कुमारी ने डायल-112 पर फोन कर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। डायल 112 को शिकायत मिलने के कुछ समय बाद ही दोनों के मोबाइल फोन बंद हो जाने पर पुलिस को अनहोनी की आशंका हुई। डायल-112 की टीम ने तकनीकी सहायता और जीपीएस लोकेशन के आधार पर दोनों की अंतिम लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां पति-पत्नी अचेत अवस्था में मिले।
पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद को लेकर परिवार में काफी समय से तनाव का माहौल था, जो धीरे-धीरे गहरे पारिवारिक विवाद में बदल गया। वहीं हरिओम सैनी ने भी घर में चल रही कलह और मानसिक दबाव की बात स्वीकार की है।
मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दंपति के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

