आज शुक्रवार को बिजनौर पहुँचे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद को 1003 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए जिले के विकास को नई गति प्रदान करने की घोषणा की। बिजनौर के वर्धमान कॉलेज परिसर में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर आज विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए सरकार लगातार निवेश कर रही है। उनके अनुसार इन परियोजनाओं से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बिजनौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के चरणों से पावन हुई यह भूमि देश की गौरवशाली धरोहर है। उन्होंने कवि दुष्यंत कुमार, स्वतंत्रता सेनानी महावीर सिंह त्यागी और संविधान विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कश्यप जैसी महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि बिजनौर ने देश को अनेक प्रतिभाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन मे अग्रणी बिजनौर अब आधुनिक विकास परियोजनाओं के कारण भी नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने नगीना की विश्वप्रसिद्ध काष्ठकला की सराहना करते हुए कहा कि यह कला भारत ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी तथा विशेष रूप से बेटियों के लिए स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों की मांग पर राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार समयबद्ध गन्ना भुगतान, नई गन्ना प्रजातियों को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग प्रदेश के विकास पर सवाल उठाते हैं, उन्हें बिजनौर में हुए बदलावों को स्वयं आकर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में जिले की तस्वीर बदली है और किसान, व्यापारी, अधिवक्ता तथा आम नागरिक विकास यात्रा के सहभागी बने हैं।मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले को आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, सांसद चंदन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक अशोक राणा, विधायक सुचि चौधरी, विधायक सुशांत कुमार, विधायक ओम कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान 'बॉबी', शिक्षक विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

