जिला अमरोहा की डिडौली थाना पुलिस ने कल गुरुवार की देर रात गोतस्करो के साथ हुई मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर को घायलवस्था मे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर के अन्य साथी अँधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने मे सफल रहे। पुलिस फरार हुए आरोपियो की तलाश मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डिडौली पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग थाना क्षेत्र के जंगल में गोवध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपियों ने अवैध हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में एक गोली डिडौली थाने के हिस्ट्रीशीटर इमरान उर्फ बिहारी बाएं पैर में जा लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घायल हुए बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने पर घायल हुए बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाश के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा मौके से एक जीवित गौवंशीय पशु को भी सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिसे कथित तौर पर गोवध के लिए ले जाया जा रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इमरान उर्फ बिहारी डिडौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

