गत रात्रि संभल जिले के कैला देवी थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के सामने दबंग सपा समर्थकों ने बीजेपी प्रत्याशी की गाड़ी को ओवरटेक कर हमला कर दिया। जिसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने कार से उतरकर पुलिस चौकी के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। वहीं इस दौरान सपा समर्थकों ने पुलिस चौकी के पास ही चेकिंग कर रही, उड़न दस्ते की टीम के कैमरामैन के साथ भी बीजेपी प्रत्याशी के समर्थकों के साथ अभद्रता की। इस दौरान प्रत्याशी को बचाने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।
बताया जा रहा है कि रात लगभग साढ़े 9 बजे असमोली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह रिंकू समर्थकों के साथ कार में सवार होकर रुदायन गांव से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी खिरनी पुलिस चौकी के सामने पहुंची तो कार सवार दबंग सपा समर्थकों ने ओवरटेक कर भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ियां लगा दी। जिसके बाद गाड़ी से निकलकर दबंग सपा समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मौका मिलते ही भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह रिंकू ने गाड़ी से उतरकर पुलिस चौकी के कमरे में घुस कर अपनी जान बचाई है। वहीं दबंगों ने भाजपा प्रत्याशी की गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की है।
बताया जा रहा है, सपा समर्थकों की दबंगई के सामने चौकी की पुलिस मूकदर्शक बनी रही। आरोप है कि इसी बीच हमलावर सपा समर्थकों ने पुलिस चौकी के सामने चेकिंग कर रही उड़न दस्ते की टीम में शामिल कैमरामैन को बीजेपी प्रत्याशी का समर्थक समझकर अभद्रता कर कैमरे में तोड़फोड़ की कोशिश की है। पुलिस इस दौरान मौके से भागते हुए दो सपा प्रत्याशी पिंकी यादव के दो समर्थकों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा प्रत्याशी को कार में बंधक बनाकर हमले की खबर मिलते ही चार थानों की पुलिस सहित सीओ जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह रिंकू से घटना की जानकारी ली है। वहीं जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल भी खिरनी पुलिस चौकी पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि बीजेपी प्रत्याशी के द्वारा शराब बांट कर आने की जानकारी चेकिंग टीम को दी गई थी, लेकिन जब बीजेपी प्रत्याशी की कार को रोक कर चेक किया गया तो कोई शराब नहीं मिली है। इसी दौरान कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी प्रत्याशी की गाड़ी पर हमला कर दिया था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीजेपी प्रत्याशी को निकालकर पुलिस चौकी में ले गए। इस मामले में सपा प्रत्याशी पिंकी यादव के पति सहित सात लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया हैं।
| अभी तक पाठक संख्या |