नहटौर/जिला बिजनौर - ससुराल आने के अगले ही दिन विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालो ने लगाया दहेज हत्या का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जून 13, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - ससुराल आने के अगले ही दिन विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालो ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

www.newsindia17.com

जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश मे आया है। करीब साढ़े 3 वर्ष पूर्व बड़े अरमानो के साथ दुल्हन बनकर ससुराल आयी युवती का शव आज शनिवार की दोपहर घर मे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष वालो ने उसके पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो पर दहेज उत्पीड़न व हत्या किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार धामपुर थाना क्षेत्र के गाँव भटियाना खुशहालपुर की निवासी मोनिका पुत्री हरिराज सिंह की शादी करीब साढ़े 3 वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र एक गाँव काजीपुरा उर्फ़ कादीपुरा निवासी अनिल कुमार के साथ हुई थी। आज शनिवार की दोपहर मोनिका अपने कमरे मे मृत अवस्था मे पाई गयी। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता हरिराज सिंह ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को कम दहेज लाने के ताने देते हुए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि बाइक और नकदी की मांग करते हुए मोनिका को अक्सर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।


मृतका के परिजनो ने बताया कि रोज रोज के क्लेश से तंग आ चुकी मोनिका पिछले कुछ समय से अपने मायके मे रह रही थी। कल शुक्रवार को ही उसका पति अनिल दोबारा परेशान न करने का वादा कर उसे वापस लाया था। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वापस आने पर मोनिका के साथ फिर से मारपीट की गयी और इसी के चलते आज शनिवार को उसकी मौत हो गयी।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरिक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मायके पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया किशव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या