जिला बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के मुंबई में शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बेहद खौफनाक रूप मे हुआ। एक 20 वर्षीय युवक ने अपनी 32 वर्षीय शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को दफना दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब मुंबई पुलिस सर्विलांस और कॉल डिटेल्स के आधार पर कातिल प्रेमी को दबोचकर बिजनौर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर का निवासी फैसल अंसारी उर्फ़ शमी उर्फ़ समीर आयु 20 वर्ष मुंबई में एक चिकन शॉप पर काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात मुंबई के जोगेश्वरी इलाके की रहने वाली सना आयु 32 वर्ष पुत्री फकीर अहमद से हुई। उम्र में 12 साल का फासला होने के बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे प्रेम संबंधों में बंध गए। मुंबई के एक अस्पताल मे नर्स का काम कर रही सना ने फैसल के साथ नजदीकीयां बढ़ने के बाद अपने पति से तलाक ले लिया था। फैसल ईद मनाने के लिए अपने गांव आया था और 29 मई को सना भी अचानक उसके गांव आ पहुंची। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सना ने बिजनौर पहुंचकर फैसल से संग रहने और शादी करने की जिद की। इस पर फैसल उसे बाइक पर बैठाकर मंडावर थाना क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद के जंगल में ले गया। जहां उसने गला घोंटकर सना की हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दबा दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मुंबई लौट गया।
दूसरी ओर मुंबई से मंडावर आयी सना का कोई सुराग न मिलने पर उसके परिजनो ने गत 2 जून को लोखंडवाला की ओशिवारा पुलिस चौकी पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।मामले की तफ्तीश में जुटी मुंबई पुलिस ने जब सना के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लास्ट लोकेशन खंगाली, तो आखिरी कड़ियां फैसल अंसारी से जाकर जुड़ीं। मुंबई पुलिस ने जाल बिछाकर फैसल को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर फैसल ने जो सच उगला उसे सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। फैसल ने कबूल किया कि उसने सना की हत्या कर उसकी लाश को अपने पैतृक गांव नारायणपुर (बिजनौर) के जंगल में ठिकाने लगा दिया है।
आज शुक्रवार को मुंबई पुलिस के सब-इंस्पेक्टर कमलेश और संजय के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम आरोपी फैसल और मृतका के परिजनों को साथ लेकर मंडावर पहुंची। आरोपी फैसल की निशानदेही पर पुलिस टीम नारायणपुर के जंगल में उस स्थान पर पहुंची जहाँ शव दबाया गया था। देर शाम प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराकर सना के शव को जमीन से बाहर निकाला गया।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बिजनौर के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. केजी सिंह ने बताया कि महिला की गुमशुदगी पहले ही मुंबई के ओशिवारा थाने में दर्ज है, इसलिए हत्या का मुख्य मुकदमा भी कानूनी प्रक्रिया के तहत मुंबई में ही दर्ज कर आगे की तफ्तीश की जाएगी। बिजनौर पुलिस इस मामले में मुंबई पुलिस का पूरा सहयोग कर रही है। मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

