जिला पीलीभीत के दियोरिया कला कोतवाली क्षेत्र मे आज शुक्रवार को एक 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्तिथियो में हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। युवक कल गुरुवार की देर शाम अपने दोस्त को घर पर भोजन के लिए आमंत्रित करने गया था। इसके बाद युवक देर रात लहूलुहान हालत मे घर वापस लौटा था। परिजनो ने युवक को उपचार हेतु सीएचसी में भर्ती कराया था। जहाँ उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सको ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल मे उपचार के दौरान युवक की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव रामनगर जगतपुर का निवासी नत्थू लाल आयु 38 वर्ष पुत्र मेवाराम कल गुरुवार की देर शाम अपने दोस्त राकेश गुप्ता को खाने का न्यौता देने उसके घर गया था। बताया गया कि राकेश की पत्नी मायके गयी हुई थी जिस कारण वह घर पर अकेला ही था। इसके बाद देर रात 2 बजे तक नत्थू लाल के घर वापस न आने पर परिजनो को उसकी चिंता हुई। इसके बाद घर नत्थू लाल गंभीर रूप से घायल हालत मे घर वापस आया।
आज शुक्रवार की सुबह होते ही बदहवास परिजन घायल नत्थू लाल को तुरंत नजदीकी बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे तुरंत पीलीभीत जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान नत्थू लाल की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। दियोरिया कला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के भाई कृष्ण पाल ने सीधे तौर पर गांव के ही दो व्यक्तियों पर अपने भाई की साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नत्थू लाल को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। परिजनो द्वारा तहरीर दिए जाने पर सुसंगत धाराओ में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

