मुरादाबाद पुलिस की विशेष जांच टीम ने फर्जी बिलिंग के जरिए सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये की चपत लगाने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि गिरोह का कथित मास्टरमाइंड फ़िलहाल फरार है। पुलिस की कई टीमे उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश दे रही है।
आज गुरुवार को पुलिस लाइन मे आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह करोड़ों रुपये के जीएसटी घोटाले का मामला है। एसपी ने बताया कि थाना मझोला में दर्ज एक मुकदमे की गहनता से जाँच करने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और खुफिया सूचनाओं के आधार पर एसआईटी ने एक सटीक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो प्रमुख चेहरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले मे गिरफ्तार किये गए आरोपियो के नाम मोहम्मद फैसल उर्फ मोंटू आयु 38 वर्ष, निवासी किसरौल, थाना नागफनी, मुरादाबाद व शाहनवाज आयु 44 वर्ष निवासी लक्सर वाली गली, खैरनगर, थाना देहली गेट, मेरठ है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका उपयोग इस पूरे सिंडिकेट को चलाने के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार किये गए आरोपी मोहम्मद फैसल ने पुलिस पूछताछ में इस काले धंधे का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया। फैसल ने बताया कि उसने अपने मेरठ निवासी परिचित शाहनवाज के कहने पर ही 'नेशनल ट्रेडर्स' नाम की एक फर्जी फर्म खड़ी की थी। शाहनवाज ने उसे ऐसे लोगों के नेटवर्क से जोड़ा जो बिना कोई माल सप्लाई किये सिर्फ कागजों पर खरीद-बिक्री दिखाकर करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल कर रहे थे। इस जाली इनवॉइस (बिल) के खेल के बदले ये लोग तगड़ा कमीशन वसूलते थे।
इस मामले की जांच के दौरान एजेंसियों को पुख्ता इनपुट मिले हैं कि इस सिंडिकेट के तार मुरादाबाद और मेरठ की कई अन्य प्रतिष्ठित व्यापारिक फर्मों से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस अब उन सभी संदिग्धों और फर्मों के बैंक खातों व जीएसटी रिटर्न को खंगाल रही है, जिन्होंने इस रैकेट के जरिए टैक्स चोरी की है। गिरफ्तार किये गए मोहम्मद फैसल और शाहनवाज के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इस पूरे गिरोह का कथित मास्टरमाइंड ईशान मलिक अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। बहुत जल्द मास्टरमाइंड सलाखों के पीछे होगा और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

