
लखनऊ: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आईईडी ब्लास्ट को अंजाम देने की साजिश में शामिल अलकायदा के एक सदस्य को गिरफ्तार किया. एनआईए के एक अधिकारी ने मंगलवार (8 फरवरी 2022) को इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया, जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के निवासी तौहीद अहमद शाह को गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले एनआईए ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था जिनके खिलाफ पांच जनवरी 2022 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था।
एनआईए अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने पिछले साल 14 जुलाई को अलकायदा से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान शकील, मो मुस्तकीम और मुईद के रूप में हुई है। तीनों ने लखनऊ में आतंकी कृत्य को अंजाम देने के लिए अल-कायदा से संबद्ध अंसार गजवतुल हिंद (एजीएच) के सदस्यों को भर्ती करने की साजिश रची थी।
एनआईए अधिकारी ने यह भी कहा कि तौहीद उत्तर प्रदेश में हमलों के लिए इस्तेमाल किए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की खरीद सहित एजीएच के नाम पर भर्ती और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के पीछे मास्टरमाइंड था।