होली पर कानून व शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु शांति समिति की एक सभा का आयोजन आज शनिवार को थाना प्रांगण में किया गया। सभा में उपजिलाधिकारी धामपुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर सहित प्रभारी निरीक्षक नहटौर व बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य, समाजसेवी व ग्रामीण क्षेत्रों से आये ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। सभा में होली के त्यौहार पर शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने पर विस्तृत चर्चा हुई।
आज शनिवार की अपरान्ह थाना प्रांगण नहटौर में शांति समिति की सभा का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी धामपुर विजय तोमर, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सभा में चेयरपर्सन पुत्र राजा अंसारी व नगर के विभिन्न वार्डो से नगरपालिका सभासद भी उपस्थित रहे। सभा का संचालन क़स्बा प्रभारी उपनिरीक्षक बबलू सिंह व उपनिरीक्षक संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया। सभा में उपस्थित अधिकारियो ने सभी से आगामी होली के त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाये रखने व किसी भी प्रकार घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने हेतु निर्देश दिए। सभा में उपस्थित रहे नगर पालिका सभासद विसाल हाशमी ने कहा की होली रंगो का त्यौहार है और इस त्यौहार पर अधिकतम विवाद हमेशा रंग डाले जाने को लेकर ही होते है। उन्होंने कहा कि जो मुस्लिम भाई रंग से परहेज करते है घर से बाहर न निकले और जो रंग खेलने नहीं करते मेरे आवास पर आये और होली खेले। इसी क्रम में हाजी गुलाम साबिर ने अपने विचार रखते हुए होली पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि होली के साथ ही मुस्लिम धर्म का त्यौहार शब ए बारात भी है। उन्होंने कहा कि नगर में होली के अगले दिन रंग का जुलूस निकलता है जो सुबह से शुरू होकर दोपहर बाद समाप्त होता है। उन्होंने कहा कि 18 मार्च को जुम्मे का दिन है और इस दिन दोपहर के समय मस्जिदों में नमाज के लिए भीड़ होती है। उन्होंने आग्रह किया कि नमाज के दौरान मस्जिदों के सामने से जुलूस को गुजरने से कुछ समय को रोक किया जाए ताकि नमाज पढ़ी जा सके और किसी प्रकार का विवाद भी उत्पन्न न हो सके। इसके साथ ही सभा में उपस्थित रहे विभिन्न गणमान्यों ने अपने विचार रखे व त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए सुझाव भी दिए। सभा में उपस्थित रहे न्यूज़ इंडिया 17 के मुख्य सम्पादक संजय कुमार शर्मा ने कहा कि होली रंगो व प्रेम का त्यौहार है मगर कुछ असामाजिक तत्व जो किसी भी पक्ष से हो सकते है हमेशा ही रंग में भंग करने की कोशिश करते है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगो की किसी भी बात पर ध्यान न दे तथा सोशल मीडिया माध्यमों पर वायरल हो रहे ऐसे संदेशो पर विश्वास न करे जिनसे कानून व्यवस्था भंग होती हो। उन्होंने कहा कि यदि आपके संज्ञान में कोई घटना आती है तो कृपया ससमय पुलिस प्रशासन को सूचना दे ताकि किसी बड़ी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके। शाह टाइम्स के संवाददता सलीम सिद्दीकी ने कहा कि नहटौर दानिशमंदो का शहर है और यहाँ हमेशा से ही हिन्दू मुस्लिमो के सभी त्यौहार मिलजुलकर मनाये जाते रहे है और उम्मीद है कि इस चलन को जारी रखते हुए आगामी त्यौहार पर भी सभी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए किसी प्रकार की घटना व दुर्घटना को रोकने में सहायता करेंगे। सभा में उपस्थित रही भाजपा महिला प्रकोष्ठ की विनीता शर्मा ने अपने सम्बोधन की शुरुआत प्रदेश में एक बार फिर योगी सरकार बनने पर सभी को शुभकामनाये व धन्यवाद देते हुए की। उन्होंने कहा कि गत वर्षो में तमाम खट्टे मीठे अनुभव होली व अन्य त्यौहारों पर हमने किये है, मगर कभी किसी घटना को दंगे फसाद के रूप में नहीं बढ़ने दिया है और ये आपसी तालमेल व भाईचारे के चलते ही हो सका है। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहार पर भी सभी धर्मो के अनुयायी आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए किसी भी प्रकार की घटना को रोकने में सहायता करेंगे। भाजपा के मंडलउपाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल ने भी अपने सम्बोधन के माध्यम से होली पर शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि होली रंगो का त्यौहार है और इसे हम सभी को आपसी भेदभाव को भूलाकर प्रेम के साथ मनाना चाहिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान युग इंटरनेट का युग है और आज हर हाथ में मोबाइल के रूप में कैमरा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आप ये सोचकर कोई भी कार्य न करे कि ये छिपा रहेगा, हो सकता है आपका कोई साथी अथवा अन्य व्यक्ति उक्त घटना की वीडियो बना ले और सोशल मीडिया माध्यमों के द्वारा वायरल कर दे। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम व रंगो का त्यौहार है किसी भी प्रकार की घटना से त्यौहार की खुशियाँ तो प्रभावित होती है साथ ही घटना के आरोपियों के जीवन पर भी अवश्य ही दुष्प्रभाव पड़ता है। उपजिलाधिकारी विजय तोमर ने अपने सम्बोधन के माध्यम से एक बार फिर होली पर शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस व प्रशासन हमेशा आपके साथ है और किसी भी स्थिति में आपकी सेवा हेतु उपलब्ध है मगर होली के अवसर पर नगर में निकाले जाने वाले जुलूसों, होलिका दहन आदि के दौरान यदि किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा घटना होती है तो निश्चित ही पुलिस व प्रशासन कठोर कदम उठाएगा व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र ने कहा कि थाना क्षेत्र में होने वाली किसी भी घटना की सूचना तुरंत उपलब्ध कराये व एक जिम्मेदार नागरिक के दायित्व का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि ये शहर ये क्षेत्र आपका है और किसी भी प्रकार की घटना से क्षेत्र के लोगो के जीवन पर भी प्रभाव पड़ता है। इसके साथ ही उन्होंने सभा में उपस्थित सभी गणमान्यों का समय देने के लिए आभार व्यक्त किया व धन्यवाद दिया।
सभा में मुख्य रूप से भाजपा मंडलाध्यक्ष सिद्धांत जैन, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगराध्यक्ष कपिल शर्मा, भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष वैभव गोयल, भाजपा के नामित सभासद अरविन्द जोशी, होली कमेटी के अध्यक्ष विचित्र अग्रवाल, शरद जैन, ऋषभ जैन, विपिन वर्मा, विशाल शर्मा, नगरपालिका सभासद जॉनी जोशी, सुनील चौधरी, प्रशांत वर्मा, विसाल हाशमी, हाजी गुलाम साबिर, खुर्शीद अहमद, हाजी आफाक, शगुन वर्मा, मुकेश अग्रवाल, अशोक चंद्रा सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आये ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा में प्रभारी निरीक्षक नहटौर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अपराध मुकेश चंद्र, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, विक्रांत सिंह, गौरव कुमार, हरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह सहित कांस्टेबल बिट्टू कंदोल आदि पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
| अभी तक पाठक संख्या |