UP : BJP ने 255 सीटें जीतीं, सपा ने 111 सीटों पर कब्जा जमाया - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मार्च 11, 2022

UP : BJP ने 255 सीटें जीतीं, सपा ने 111 सीटों पर कब्जा जमाया

लखनऊ। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए,जिनमें भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने के लिए सहयोगियों समेत 273 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है।
राज्‍य के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट पर करीब एक लाख से अधिक मतों से चुनाव जीत गये हैं। हालांकि, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी जिले की सिराथू सीट पर सात हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गये।
वहीं, राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। सपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने आठ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी जिले की करहल सीट पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार प्रोफ़ेसर एस पी सिह बघेल को 67 हजार से अधिक मतों से पराजित कर दिया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविद चौधरी बलिया की बांसडीह सीट से भाजपा की केतकी सिह से चुनाव हार गये। केतकी सिह को 103305 मत तथा चौधरी को 81953 मत मिले। जसवंतनगर सीट पर समाजवादी पार्टी के शिवपाल सिह यादव 159718 मत पाकर चुनाव जीत गए और उनके निकटतम प्रतिद्बंद्बी भाजपा के विवेक शाक्य को 68739 मतों से संतोष करना पड़ा।


गन्ना मंत्री सुरेश राणा (थाना भवन), ग्राम्‍य विकास मंत्री राजेंद्र सिह उर्फ मोती सिह (पट्टी), खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी (फ़ेफना) तथा बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्बिवेदी (इटवा) समेत राज्य सरकार के 11 मंत्री चुनाव हार गये हैं।मथुरा में ऊर्ज़ा मंत्री श्रीकांत शर्मा और राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने गाजियाबाद में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीतने का रिकार्ड बनाया है। इसके अलावा, राज्य सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना (शाहजहाँपुर), सतीश महाना (महराजपुर), आशुतोष टंडन (लखनऊ पूर्व), सिद्धार्थनाथ सिह (इलाहाबाद पश्चिम), नंद गोपाल गुप्ता नंदी (इलाहाबाद दक्षिण), सूर्य प्रताप शाही (पथरदेवा), रमापति शास्त्री (मनकापुर) जय प्रताप सिह (बांसी) राम नरेश अग्निहोत्री (भोगांव), अनिल राजभर (शिवपुर), राज्‍य मंत्री रविद्र जायसवाल (वाराणसी उत्तरी) नीलकंठ तिवारी (वाराणसी दक्षिणी), पल्‍टू राम (बलरामपुर) अजीत पाल (सिकंदरा), भी चुनाव जीत गये हैं।


भारतीय पुलिस सेवा(आईपीएस) से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेकर भाजपा में शामिल हुए अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी रहे असीम कुमार कन्नौज से अपने निकटतम प्रतिद्बंदी सपा के अनिल कुमार दोहरे से छह हज़ार से अधिक मतों से जीत गए। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी रहे और मूलत: उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के अधिकारी रहे राजेश्वर सिह भी वीआरएस लेकर भाजपा में शामिल हुए और उन्होंने लखनऊ की सरोजिनीनगर विधानसभा सीट पर अपने निकटम प्रतिद्बंदी सपा के अभिषेक मिश्रा को 56186 मतों के अंतर से पराजित कर दिया।उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए कम से कम 202 सीटें जीतना जरूरी है।


निर्वाचन आयोग द्बारा बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की सभी 403 सीटों के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं और इनमें भाजपा ने 255 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। भाजपा के उम्मीदवारों में सबसे आखिर में जौनपुर जिले में उप्र सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव की जीत की घोषणा हुई। यादव को 97760मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्बंद्बी समाजवादी पार्टी के अरशद खान को 89708 मतों पर संतोष करना पड़ा।इसके अलावा, भाजपा की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रदेश में तीसरे सबसे बड़े दल के रूप में अपनी जगह बना ली है। जबकि भाजपा की एक और सहयोगी निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) भी छह सीटों पर जीत गई है।दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग के अनुसार समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। सपा उम्मीदवारों में सबसे आख़रि में जौनपुर जिले की मुंगराबादशाहपुर सीट पर सपा के पंकज की जीत की घोषणा हुई। पंकज ने भाजपा के अजय शंकर दुबे को 5230मतों के अंतर से हरा दिया।


इसके अलावा सपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि एक अन्य सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है।कभी उत्तर प्रदेश की एक बड़ी सियासी ताकत रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) मात्र एक सीट पर जीत हासिल कर सकी है। विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी विधायक दल के नेता उमाशंकर सिह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से 87887 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्बंद्बी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महेंद्र से 6583 मतों के अंतर से जीत गये हैं। महेंद्र को 81304 मतों पर ही संतोष करना पड़ा है। कांग्रेस दो सीटें जीत चुकी है। कांग्रेस विधानसभा मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' प्रतापगढ़ जिले की अपनी परंपरागत सीट रामपुर खास जीतने में कामयाब हुई हैं। 198० से लगातार उनके पिता और 2014 में उप चुनाव के बाद आराधना भी लगातार इस सीट को जीतकर 'विरासत' बचाने में कामयाब रही हैं। हालांकि उत्‍तर प्रदेश कांग्रेसके अध्यक्ष अजय कुमार लल्‍लू कुशीनगर जिले की तमकुहीराज सीट से चुनाव हार गये हैं।
महराजगंज जिले की फरेंदा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी ने भी जीत दर्ज की है। प्रतापगढ़ जिले से ही आने वाले रघुराज प्रताप सिह के नेतृत्व वाली जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें अपनी परंपरागत सीट कुंडा में रघुराज ने अपनी जीत का सिलसिला बनाये रखा है। इसके पहले वह 1993 से लगातार निर्दलीय जीत रहे थे लेकिन पहली बार खुद की बनाई पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़े और जीते। बाबागंज विधानसभा सीट पर भी जनसत्ता दल के उम्मीदवार को जीत मिली है।चुनाव आयोग के मुताबिक, अब तक हुई मतगणना में भाजपा को 41.29 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं जबकि समाजवादी पार्टी को 32.03 फीसद और बहुजन समाज पार्टी को 12.88 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं।