बरेली/उत्तर प्रदेश - बहन पर की गयी अभद्र टिप्पणी पर आक्रोशित दबंगो ने दलित किशोर को निर्वस्त्र कर पीटा, बनाया घटना की वीडियो - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 03, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - बहन पर की गयी अभद्र टिप्पणी पर आक्रोशित दबंगो ने दलित किशोर को निर्वस्त्र कर पीटा, बनाया घटना की वीडियो

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से एक 16 वर्षीय दलित किशोर को दबंगों द्वारा अपहरण कर बेरहमी से पीटे जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोपियो ने निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा और घटना का वीडियो भी बनाया। इस घटना के पीछे का कारण इंस्टाग्राम पर एक महिला सिपाही के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वाल्मीकि निवासी पीड़ित किशोर की माँ ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि ये घटना 31 दिसंबर की रात की है। तहरीर के अनुसार घटना वाली रात किशोर अपने घर के पास टहल रहा था, तभी अहीर मोहल्ला निवासी मुकुल यादव अपने साथियों सुभाष उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु के साथ बाइक से पहुँचा। आरोप है कि ये सभी नए साल की पार्टी देने का झांसा देकर किशोर को जबरन बाइक पर बैठाकर चनेहटा रोड स्थित एक सुनसान तालाब के पास ले गए। यहाँ आकर आरोपियों ने किशोर पर तमंचे और चाकू तान दिए और उसके कपड़े उतरवाए। दबंगो ने निर्वस्त्र हो चुके किशोरकिशोर को बेरहमी से पीटा। इस दौरान किशोर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन मुकुल यादव और उसके साथियों ने एक न सुनी और इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर और अपने कपड़े छीनकर किशोर घर पहुँचा और परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस जांच में पता लगा कि मुख्य आरोपी मुकुल यादव की बहन मुरादाबाद में महिला सिपाही के पद पर तैनात है। आरोप है कि पीड़ित किशोर ने मुकुल की बहन की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कोई अभद्र टिप्पणी की थी। इसी पर आक्रोशित मुकुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात की साजिश रची। पुलिस ने अभी तक इस मामले मे 3 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अब तक देव ठाकुर, बासु और विवेक जाटव को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी मुकुल की तलाश जारी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी देव ठाकुर उर्फ सुल्तान एक शातिर अपराधी है। पिछले साल जनवरी में उसने कचहरी परिसर के भीतर एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस मुकुल यादव और अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
web counter free
अभी तक पाठक संख्या