उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र मे पड़ोसी युवक द्वारा बेटियो के साथ की जा रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता को छत से नीचे फेंक दिया गया। इस घटना मे घायल हुए पीड़ित की कल सोमवार को बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन देर शाम शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
मृतक की पत्नी द्वारा एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे बताया गया कि गत 9 मई की शाम उसका पति छत पर बैठकर अपनी बेटियों के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान एक पड़ोसी युवक जबरन उनकी छत पर आ गया और बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने लगा। पिता द्वारा इस सबका विरोध करने पर युवक मारपीट पर उतर आया और लाठी डंडो से हमला कर दिया। छत पर हो रहा शोर सुन अन्य परिजन भी भागकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि युवक ने खुद की घिरता देख पीड़ित को छत से फेंक दिया और फरार हो गया।
परिजनों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए अंततः पीड़ित ने दम तोड़ दिया।
कल सोमवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजन शव को लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पहुँचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सिविल लाइन हरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस को इस मामले में औपचारिक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)