सम्भल/उत्तर प्रदेश - एटीएस और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जाली नोटों के साथ हैंडीक्राफ्ट कारोबारी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अप्रैल 10, 2026

सम्भल/उत्तर प्रदेश - एटीएस और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जाली नोटों के साथ हैंडीक्राफ्ट कारोबारी गिरफ्तार

www.newsindia17.com

सम्भल पुलिस व एटीएस मुरादाबाद की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर जाली नोटो के अवैध कारोबार मे शामिल एक हैंडीक्राफ्ट कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए हैंडीक्राफ्ट कारोबारी के पास से 20 हजार रूपये मूल्य के जाली नोट बरामद किये गए है। एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह और सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार ने आज शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा किया।


एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि एटीएस मुरादाबाद को संभल क्षेत्र में जाली नोटों की आपूर्ति और खपत के संबंध में पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर एटीएस और थाना हयातनगर पुलिस ने सरायतरीन कस्बे के कच्चा बाजार समेत आठ अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान पन्नीग्राम निवासी शराफत हुसैन पुत्र शहादत हुसैन को गिरफ्तार किया गया। टीम द्वारा की गयी तलाशी में उसके पास से 500 रुपये के 35, 200 रुपये के 6, और 100 रुपये के 13 नकली नोट बरामद किये गए। बरामद किये गए नोटो का कुल मूल्य 20 हजार रुपये है।


गिरफ्तार किये गए आरोपी से की गयी पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में कई अहम सुराग मिले हैं। एएसपी ने कहा कि अभियुक्त को कोर्ट मे पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इस नेटवर्क की अगली कड़ियों का पता लगाया जा सके। आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ाव के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि एटीएस और स्थानीय पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।


एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि जाली नोटों की आपूर्ति की सूचना पर यह संयुक्त कार्रवाई की गयी थी। गिरफ्तार किये गए अभियुक्त से पूछताछ कर इन नोटों के श्रोत का पता लगाया जा रहा है। इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।


हयातनगर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गौरतलब है कि गुरुवार को भी पुलिस ने एक पिता-पुत्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इस सफल ऑपरेशन में एटीएस मुरादाबाद के निरीक्षक ललित मोहन, हेड कांस्टेबल इरशाद, पुष्पेन्द्र, मनीष, चालक अजीत भाटी और थाना हयातनगर से एसएसआई दिनेश कुमार, एसआई जितिन कुमार, कांस्टेबल पवन कुमार व आदित्य हुड्डा का विशेष योगदान रहा।

conter12
अभी तक पाठक  संख्या