जिला रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र से अज्ञात चोरो द्वारा एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखो रूपये के सोने चांदी के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ़ किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। घटना के समय पीड़ित परिवार राजस्थान के बालाजी धाम दर्शन करने गया हुआ था। दुस्साहसी चोरों ने न केवल कीमती सामान चोरी किया, बल्कि घर में रखे जरूरी दस्तावेज और जॉइनिंग लेटर भी फाड़कर फेंक दिए। पुलिस ने पीड़ित परिवार द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली सहित के ग्राम निस्वी निवासी राहुल गंगवार वर्तमान में बिलासपुर रोड पर झम्मनलाल के मकान में किराये पर रहते हैं और अपने बच्चों को पढ़ाते हैं। राहुल ने बताया कि बीते 8 मई को वह सपरिवार बालाजी दर्शन करने राजस्थान गए थे। घर सूना पाकर शनिवार की रात अज्ञात चोर मुख्य द्वार और कमरों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। आज रविवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला और ताले टूटे देख तुरंत राहुल को सूचित किया। मौके पर पहुंचे पीड़ित के भाई ने देखा कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार चोरों ने सोने का बना ओम, एक चेन, दो झुमकी, एक मंगलसूत्र और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी की है। इसके अलावा, चोरों ने मासूम बच्चों की तीन गुल्लकों को भी तोड़ दिया और उनमें जमा करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए। अलमारी के लॉकर में रखे 20 हजार रुपये भी गायब मिले।
चोरों ने अलमारी में रखा राहुल गंगवार का जॉइनिंग लेटर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी फाड़ दिए। इसी मकान के दूसरे कमरे में किराये पर रहने वाले उदयपुर पट्टी निवासी छोटेलाल के कमरे का ताला भी चोरों ने तोड़ा, लेकिन वहां उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला। तीसरे कमरे को चोरों ने छुआ तक नहीं।
पीड़ित राहुल गंगवार ने कोतवाली मिलक पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मिलक पुष्कर सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

