नबाबगंज/जिला बरेली - मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद मे बड़े भाई ने की छोटे भाई की ईंट मारकर हत्या, आरोपी फरार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मई 10, 2026

नबाबगंज/जिला बरेली - मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद मे बड़े भाई ने की छोटे भाई की ईंट मारकर हत्या, आरोपी फरार

https://newsindia17.com/bareilly-nababganj-brother-killed-younger-brother-over-house-dispute/

जिला बरेली के नबाबगंज थाना क्षेत्र मे मकान के बंटवारे को लेकर दो भाइयो के बीच उपजा विवाद एक भाई के लिए काल बन गया। दोनो भाइयो के बीच हुई मामूली कहासुनी के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र मे कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव सिंजोलिया निवासी दिलवर शाह के पांच बेटे हैं। इनमें तीसरे नंबर के बेटे अजब शाह और सबसे छोटे बेटे इरफान अली आयु 32 वर्ष के बीच मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। कल शनिवार की रात मकान की नपाई होनी थी। इसी दौरान दोनों भाइयों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अजब शाह ने गुस्से में आकर इरफान के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार कर दिया।


इरफान को लहूलुहान हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक इरफान मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी 6 साल पहले शादी हुई थी और उसका एक 3 साल का मासूम बेटा है।


मृतक के भतीजे नदीम ने बताया कि रात के वक्त अजब चाचा घर आए और दादी से झगड़ने लगे। दादी द्वारा फटकारे जाने पर वह मकान का एक हिस्सा तोड़ने लगे। परिवार ने समझाया कि इस बारे में सुबह बात करेंगे  लेकिन वह नहीं माने और अपने बेटों के साथ मिलकर छोटे चाचा इरफान के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सिर में ईंट लगने से उनकी मौत हो गई।


इरफान की मौत की खबर मिलते ही मुख्य आरोपी अजब शाह और उसका बड़ा बेटा मौके से फरार हो गए। हालांकि, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पत्नी और उसके छोटे बेटे को हिरासत में ले लिया है। पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है; बदहवास हालत में उसके मायके वाले उसे और बच्चे को अपने साथ ले गए हैं।


प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नबावगंज ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या