जिला बदायूँ के जरीफनगर थाना क्षेत्र से एक सन्सनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पारिवारिक कलह के चलते एक सिरफिरे दामाद ने अपने ससुर को ही गोली मार दी। गोली लगने पर गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग को स्थानीय सीएचसी मे प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनो ने घायल बुजुर्ग को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ मे भर्ती कराया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव रदनौल अजीजपुर निवासी राजाराम आयु 62 वर्ष ने लगभग 12 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री पूजा की शादी जिला संभल एक ग्राम कमालपुर निवासी चंद्रभान के साथ की थी। पीड़ित राजाराम की पत्नी कलावती ने बताया कि चंद्रभान व पूजा के बीच पिछले दो माह से अनबन चल रही थी। आरोप है कि इसी अनबन के चलते चंद्रभान ने दो माह पूर्व पूजा को घर से निकाल दिया था। जिसके बाद से वह अपने मायके मे ही रह रही थी।
आज सोमवार की सुबह लगभग 7 बजे चंद्रभान पूजा को वापस ले जाने के इरादे से ससुराल आया था। यहाँ किसी बात को लेकर चंद्रभान व उसके ससुर राजाराम के बीच तीखी बहस हो गयी। देखते ही देखते ये विवाद बढ़ गया और चंद्रभान ने छिपाकर रखा तमंचा निकालकर अपने ससुर पर सीधा फायर कर दिया। तमंचे से निकली गोली राजाराम के कान के पास जाकर लगी और लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। आनन-फानन में परिजन घायल राजाराम को दहगवां सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले जाया गया। जहाँ चिकित्सको ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जरीफनगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी दामाद की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

