बिजनौर/उत्तर प्रदेश - नितेश राणे के विवादित बयान पर आक्रोशित AIMIM कार्यकर्ताओ ने किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मई 13, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - नितेश राणे के विवादित बयान पर आक्रोशित AIMIM कार्यकर्ताओ ने किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

newsindia17.com/bijnor-up-aimim-protest-nitesh-rane-controversial-remark-demand-action-memorandum/

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे द्वारा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है और धरने प्रदर्शन का दौर जारी है। इसी क्रम मे आज बुधवार को  कलक्ट्रेट पहुंचे AIMIM कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को सम्बोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर आरोपी मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


कार्यकर्ताओ द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि भाजपा नेता नितेश राणे ने एक बयान में राजनैतिक संगठन एआईएमआईएम को 'आतंकवादी संगठन' करार दिया गया है। आरोप है कि राणे ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद असदुद्दीन ओवैसी की तुलना कुख्यात आतंकवादी ओसामा बिन लादेन से की और मदरसों को 'आतंकवाद का केंद्र' बताते हुए उन्हें बंद करने की मांग की। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा से देश के लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।


प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एआईएमआईएम भारतीय चुनाव आयोग में विधिवत पंजीकृत एक राजनीतिक दल है।इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी कई बार के सांसद हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। पार्टी कार्यकर्ताओ ने कहा कि नितेश राणे का बयान न केवल असंवैधानिक है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का खुला उल्लंघन है।


एआईएमआईएम कार्यकर्ताओ ने प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की है कि संवैधानिक पद पर रहते हुए ऐसी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने वाले नितेश राणे को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल और विधानसभा की सदस्यता से तत्काल बर्खास्त किया जाए। इसके साथ ही नितेश राणे के गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम  के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।


प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से निशांत फातिमा, माधो राम शास्त्री, आफताब मोहम्मद, आरिफ दाऊद, इदरीस मोहम्मद और सरताज सहित दर्जनों लोग शामिल थे। पुलिस और प्रशासन ने ज्ञापन को उचित माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या