जिला पीलीभीत के सेहरामऊ थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता के साथ मारपीट की गयी और पेट्रोल छिड़ककर जिन्दा जलाने का प्रयास किया गया। किसी तरह आरोपियो के चंगुल से मुक्त हुई पीड़िता अपने मायके पहुंची और पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव के दौलतपुर निवासी क्रांति देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह पीलीभीत शहर के मोहल्ला बागुलशेर खां निवासी आदेश कुमार के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उस पर अतिरिक्त दहेज के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।पीड़िता का आरोप है कि पहले 40 हजार रुपये और फिर 50 हजार रूपये की मांग की गयी। ससुराल पक्ष द्वारा की जा रही इस मांग को पीड़िता के मायके वालों ने किसी तरह पूरा किया। इतना सब होने के बाद आरोपियो ने अब 3 लाख रुपये की नई मांग रख दी।
क्रांति देवी का कहना है कि मायके पक्ष द्वारा आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए इस मांग को पूरा करने मे असमर्थता जताए जाने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और घर छोड़ने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों को आपस में यह कहते हुए सुना कि इसे पेट्रोल डालकर आग लगा दी जाए। यह सुनकर वह भयभीत हो गईं और मौका मिलते ही अपनी जान बचाकर मायके पहुंच गईं। फिलहाल वह अपने दो बच्चों के साथ अपने माता-पिता के घर रह रही हैं।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति आदेश कुमार, ससुर रामस्वरूप, जेठ हरिओम, देवर लालाराम और भतीजे प्रिंस के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

