शीशगढ़/जिला बरेली - दहेज की माँग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 28, 2026

शीशगढ़/जिला बरेली - दहेज की माँग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

https://www.newsindia17.com/2026/07/sheeshgarh-bareilly-pregnant-woman-thrown-out-over-dowry-demand-case.html

जिला बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ दहेज की मांग पूरी न होने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने एक गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत 4 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी गई तहरीर मे अख्तर खान,  निवासी टांडा छगा ने बताया कि उसकी बेटी सायरा का निकाह 12 जून 2024 को तस्लीम निवासी अलीनगर फिरोजपुर, थाना क्षेत्र पुलभट्टा, जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के साथ हुआ था। अख्तर खान का कहना है कि विवाह के समय उसने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था।


आरोप है कि इस सबके बाद भी सायरा का पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य संतुष्ट नहीं थे। इन सभी ने अतिरिक्त दहेज माँग करते हुए निकाह के कुछ समय बाद ही सायरा के साथ गाली-गलौज और मारपीट करना शुरू कर दिया था। इस अमानवीय व्यवहार का विरोध करने पर उसके साथ और अधिक दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि बाद में पति और अन्य परिजनों ने दहेज में पांच लाख रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल की मांग रख दी।


पीड़िता के पिता का कहना है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के रिश्तेदारों और सामाजिक लोगों की मौजूदगी में कई बार समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन सायरा का ससुराल पक्ष अपनी मांगों से पीछे नहीं हटा। आरोप है कि पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने कुछ दिन पूर्व गर्भवती सायरा के साथ फिर मारपीट की और घर से निकाल दिया। ससुराल वालो ने चेतावनी दी कि दहेज की मांग पूरी होने तक उसे वापस नहीं रखा जाएगा।


तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, गांव के कुछ लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति बिगड़ने से बच गई और महिला की जान सुरक्षित रही।


शीशगढ़ पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर तस्लीम, सलीम, सीमा और जासमीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या