कल रविवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद हस्तिनापुर पुलिस ने तीन शातिर बदमाशो को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने पर घायल हो गए जबकि पुलिस टीम ने मौके से भागने का प्रयास कर रहे तीसरे बदमाश को घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किये गए तीनो बदमाश थाना क्षेत्र मे हुई चोरी की एक वारदात मे शामिल थे।इस दौरान बदमाशो की ओर से की जा रही फायरिंग मे थाना प्रभारी कमल शंकर त्रिवेदी व पुलिसकर्मी बाल बाल बचे। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनो बदमाशो को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर पुलिस की एक टीम कल रविवार देर रात जम्मू दीप नहर के पास संदिग्ध वाहनो की जाँच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर आये तीन संदिग्ध व्यक्तियो को देख पुलिस टीम ने उन्हें रूकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बदमाशो ने बाइक मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली बाइक सवार बदमाश अंकित व एक गोली राजू निवासीगण लिसाड़ी गेट, मेरठ के पैर मे जा लगी। गोली लगने पर घायल हुए बदमाश मौके पर ही गिर गए जबकि उनके हापुड़ निवासी तीसरे साथी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनो बदमाशो को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे पता लगा कि ये तीनो बदमाश गत 22 जनवरी को थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी रोहित के घर हुई लाखो की चोरी की घटना मे शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से अवैध तमंचे, जिन्दा कारतूस व चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ मे घायल हुए आरोपी अंकित के खिलाफ 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके संभावित ठिकानों की पहचान कर लगातार दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

