जिला अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र से लगातार मिल रही धमकियों से तंग आये एक युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले की शिकायत मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त मामले मे गत 23 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम रहरई निवासी रवि पुत्र प्रेमपाल ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया था कि उसकी बहन नोयडा मे नौकरी करती है। तहरीर मे आरोप लगाया गया था कि घनश्याम उर्फ़ राहुल नाम के एक युवक ने उसकी बहन के साथ प्रेम सम्बन्ध बना लिए और और लगातार उसके संपर्क मे है। रवि द्वारा दी गयी तहरीर मे बताया गया था कि घनश्याम फोन कर लगातार उसकी बहन को जबरन साथ ले जाने तथा उसे व उसके भाई अरुण को जान से मारने की धमकी दे रहा है। लगातार मिल रही इन धमकियो के चलते पूरा परिवार मानसिक तनाव मे है।
परिजनों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से अरुण गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। इसी मानसिक दबाव के चलते वह घर से निकलकर जंगल पहुंचा और फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए रहरा थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम उर्फ राहुल पुत्र महेश बाबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से ग्राम धनमाऊ, थाना बिछवा, जिला मैनपुरी का निवासी है तथा वर्तमान में मोहल्ला जोगा, कस्बा बेवर, जिला मैनपुरी में रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय, अमरोहा में पेश कर दिया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

